फोटो 28 एमएएचपी 01 परिचय-आयुष अनुरागी (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहपहाड़ी गांव में दोस्तों के साथ नहाने गए छह साल के मासूम की तालाब में डूबकर मौत हो गई। घटना से परिजन में चीख-पुकार मच गई।
शाहपहाड़ी गांव निवासी जलसा देवी दो बेटों आयुष अनुरागी (6) व अंकू के साथ रहती हैं। उसके पति किलकोटी का छह माह पहले बीमारी के चलते निधन हो चुका है। सोमवार की सुबह आयुष घर पर था। दोपहर को वह दो पड़ोसी दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया। दोनों दोस्त तालाब से नहाकर बाहर आ गए लेकिन काफी देर तक आयुष के तालाब से न निकलने पर उन्हें लगा कि वह चला गया है। बाद में उसके दोस्त भी चले गए।
आयुष के घर न लौटने पर परिजन को आशंका हुई। परिजन ने गांव और आसपास खोजबीन की। तब ग्रामीणों ने बताया कि आयुष दो अन्य साथियों के साथ तालाब की ओर गया था।
बाद में परिजन ने तालाब में जाकर देखा तो आयुष का शव पानी में उतराता मिला। परिजन अचेत अवस्था में उसे जिला अस्पताल लाए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव को घर ले गए। आयुष के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि सोमवार को ही उसका गांव के परिषदीय विद्यालय में कक्षा एक में नाम भी लिखवाया था।