- दो मासूमों को चॉकलेट खिलाने के बहाने ले जा रहे थे, पुलिस जांच में जुटी
फोटो 16 एचएएमपी- 19पुलिस गिरफ्त में आरोपी युवक। संवाद
फोटो 16 एचएएमपी-20 घटना स्थल पर रोता मासूम। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिवांर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के छानी खुर्द गांव के शाही मस्जिद पुरवा में मंगलवार शाम बच्चा चोरी की एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। दो मासूम बच्चों को चॉकलेट का लालच देकर अगवा कर रहे दो संदिग्धों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।
जनपद जालौन के हासा गांव निवासी सद्दाम हुसैन छानी खुर्द गांव अपने एक रिश्तेदार इम्मी के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार शाम करीब चार बजे उसका बेटा साहिल (7) शाही मस्जिद के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान धोती-कुर्ता पहने दो युवक आए और उन्होंने साहिल और एक अन्य बच्चे को चॉकलेट दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाने लगे। इसी दौरान सद्दाम ने अपने बेटे को अनजान युवकों के साथ जाते देखा तो उसे शक हुआ। वह तुरंत दौड़कर बच्चों के पास पहुंचा कि तभी मासूम साहिल पिता को देखते ही रोने लगा और बोला, अब्बू ये अंकल जबरदस्ती चॉकलेट दिलाने के बहाने ले जा रहे हैं।
पिता के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घेराबंदी करके एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पीआरवी पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने जब युवक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना नाम पता मौदहा कस्बा बड़ा चौराहा निवासी मंगल पुत्र कंधई बताया। साथ ही अपने साथी का नाम कस्बा के इलाही तालाब निवासी छोटू पुत्र बच्छराज बताया है। आरोपी ने बच्चा चुराने की बात नकारते हुए कहा कि वह भीख मांगकर गुजारा करता है। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी नंदराम ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। उसकी मंशा जानने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उसके दूसरे साथी की भी तलाश की जा रही है।