रोती बिलखती अपह्रत बालिका पूनम के परिजन।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। सड़क किनारे सीओ के आवास से चंद कदम दूर मुख्य मार्ग पर बैलगाड़ी के डेरा डाले पछइयां लोहार परिवार की आठ वर्षीय बालिका गुरुवार रात लापता हो गई। घर वालों ने सोते समय अगवा करने का आरोप लगाकर शुक्रवार सुबह कोतवाली में हंगामा किया। बालिका की तलाश के लिए सीओ के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें बनाई गई। सीओ सौम्या पांडेय सुबह से ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गईं। देर रात फुटेज के आधार पर आरोपी को दबोच कर लड़की का जला हुआ शव बरामद कर लिया गया।
कस्बे में रागौल स्थित पीडब्लूडी डाक बंगले की बाहरी दीवार में सड़क किनारे डेरा डाले पछइयां लोहार की बैलगाड़ी के नीचे आठ वर्षीय पूनम पुत्री विक्रम सो रही थी। तभी रात करीब दो बजे वह लापता हो गई। बालिका के लापता होने से मां सहित परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था। मां रूबी ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसने बेटी को पानी पिलाया था और चारपाई में पारिवारिक बालिका सीता (12) के साथ चादर ओढ़ाकर सुला दिया। खुद भी बगल की चारपाई में सो गई।
बताया कि रात करीब ढाई बजे उसकी नींद खुली तो देखा कि बेटी मय चादर के लापता थी। तब परिजनों ने उसे आसपास ढूंढा, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। इस पर कोतवाली पहुंचे परिजन बेटी के अपहरण की बात कहकर हंगामा करने लगे। तहरीर देकर पिता विक्रम ने बताया कि रात करीब दो बजे अज्ञात लोग पूनम का अपहरण कर ले गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक एसके सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। तलाश के लिए सीओ के नेतृत्व में तीन पुलिस पार्टियां बनाई गईं।
उधर, सीओ सौम्या पांडेय शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज खंगालती रहीं। देर रात घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर तहसील रोड पर बहारदाता मजार के पास एक बड़ा मकान से उसका जला हुआ शव बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मकान रोहारी गांव के राजाराम है। उसके लड़के संतोष (35) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज में उसी की कद-काठी का व्यक्ति लड़की को ले जाता हुआ दिखाई दिया। नशेबाजी की लत की वजह से संतोष की पत्नी छोड़ गई है। पुलिस व फोरेंसिंक टीम मौके पर जांच-पड़ताल में जुटी थी। एसपी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और जानकारी की।