हमीरपुर। जिला हमीरपुर में मां-बेटा समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मां-बेटा उपमंडल सुजानपुर के गांव खैरी के रहने वाले हैं और 18 जून को दिल्ली से लौटे हैं। दिल्ली से लौटने के बाद 44 वर्षीय महिला और उसका 22 वर्षीय बेटा दोनों कृष्णा सराय सुजानपुर में संस्थागत क्वारंटीन में रह रहे थे। इसके अलावा तीसरा व्यक्ति उपमंडल बड़सर के गांव चनसाई का रहने वाला है और यह भी 18 जून को गुरुग्राम से लौटा था। इसके बाद यह 33 वर्षीय व्यक्ति हमीरपुर के एक होटल में क्वारंटीन था। और यह वही होटल है, जहां पहले भी एक महिला कोरोना पॉजिटिव निकली थी। जिसके बाद होटल के स्टाफ को क्वारंटीन किया गया था।
शनिवार को सामने आए इन तीन नए मामलों के साथ जिला में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 228 पहुंच गया है। हालांकि शनिवार को दो मरीज स्वास्थ्य भी हुए हैं। जिला में कुल 118 कोरोना संक्रमित स्वास्थ्य होकर घर लौट चुके हैं। जिला में वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 109 पहुंच गई है। तीनों कोरोना संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है। उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि शनिवार को कोरोना संक्रमितों के तीन नए मामले सामने आए हैं।