महोबा/श्रीनगर। शहर के रोडवेज बस स्टैंड मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सफाईकर्मी की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गईं।
थाना श्रीनगर के उदयपुरा निवासी जितेंद्र अहिरवार (32) सफाईकर्मी था। इस समय वह ब्लॉक कबरई के अतरारमाफ गांव में तैनात था और महोबा में निवास बनाकर रहता था। रविवार की शाम वह बाइक से टिकट लेने रेलवे स्टेशन गया था। वापस लौटते समय रोडवेज बस स्टैंड के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने जब युवक को सड़क पर लहूलुहान हालत में देखा तो उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचाया। सफाईकर्मी संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि जितेंद्र के पिता कैलाश के निधन के बाद जितेंद्र को अनुकंपा पर सफाईकर्मी की नौकरी मिली थी। घटना से मृतक की पत्नी राजकुमारी, बेटी साक्षी व बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।