हमीरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतवा पुल के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल पर पुलिस को कोई हेलमेट भी नहीं मिला है।
कुरारा थानाक्षेत्र के बिलौटा गांव निवासी भोला (40) सदर कोतवाली क्षेत्र के हेलापुर गांव में अपनी भांजी की शादी समारोह में शामिल होने सोमवार को आया था। मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे भोला कलौलीतीर गांव निवासी रणविजय (50) के साथ बाइक से मुख्यालय किसी काम से आ रहा था। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतवा पुल के पास मोड़ पर किसी अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में मार दी।
घटना में भोला की मौके पर मौत हो गई। जबकि रणविजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतक चार भाई व दो बहनें थे। वह खेती किसानी करता था। उसके दो पुत्र है। 12 मई को उसकी बहन अंजू की शादी होनी थी। घटना से बच्चों व पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।