हमीरपुर। होली पर्व के अवसर पर मंगलवार को क्षेत्र में प्रतिवर्ष की भांति सप्तमी के दिन होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान फाग गायन प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लेकर माहौल को होली के रंग में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रवती वर्मा ने किया। प्रतियोगिता में टीहर, चिकसोना, बजेहटा, करगांव, सुरहा, बिवार और लोदीपुर समेत विभिन्न गांवों की करीब आठ टीमों ने भाग लिया। टीम प्रभारियों में बजेहटा से कुलदीप कुमार निगम, टीहर से सरोज परिहार, बिगहना से कामता व बरेलाल, करगांव से माहेश्वरी दीन, सुरहा से स्वामी अमरनंद महाराज, बिवार से प्रहलाद सिंह और लोदीपुर से रघुराज शामिल रहे।
प्रतियोगिता में बजेहटा टीम ने शानदार प्रस्तुति देते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि सुरहा टीम उपविजेता रही। कार्यक्रम का आयोजन दिवंगत राजाबेटी कुशवाहा की स्मृति में कुशवाहा परिवार (कैथी वाले) की ओर से किया गया। आयोजन को सफल बनाने में रघुराज कुशवाहा, छविलाल, रामकरन, रामसिंह, शिवभूषण, शिवशंकर, उमेश कुमार, प्रदीप, कुलदीप, संदीप, अरविंद और बीरसिंह समेत अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।