मौदहा (हमीरपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव से लापता एक ही परिवार की तीन मासूम बच्चियों के कानपुर में सुरक्षित मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को सुबह स्कूल जाते समय घर से निकलीं बच्चियां कानपुर पहुंच गईं।
परछछ गांव के निवासियों ने बताया कि सुबह बच्चियों के माता-पिता खेतों में काम के लिए निकल गए थे। उन्हें लगा कि बच्चियां स्कूल चली गई हैं, लेकिन दोपहर तक नहीं लौटने पर चिंता बढ़ गई। तलाशी के बाद भी सुराग न मिलने पर परिजनों ने मौदहा कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दर्ज कराई।
इसी बीच एक टेंपो चालक ने परिजनों से संपर्क कर बताया कि बच्चियां उसकी गाड़ी से मौदहा के अरतरा चौराहे तक पहुंची थीं। इस सुराग ने पुलिस और परिजनों को नई दिशा दी। तभी कानपुर के नरवल थाने की तौस पुलिस चौकी से फोन आया। चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने सूचित किया कि तीनों बच्चियां सुरक्षित उनके पास हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बच्चियों के माता-पिता कानपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। शायद इसी भरोसे में बच्चियां रास्ता भटककर कानपुर की ओर बढ़ गईं। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चियों को परिजनों को सौंप दिया गया है।