राठ (हमीरपुर)। झिन्ना वीरा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मझगवां थाना पुलिस को मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उलटा उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया।
कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके परिवार का मूलचंद, बृजगोपाल, रविंद्र, कैलाशरानी और राजा देवी से जमीन को लेकर विवाद है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक से ऑनलाइन शिकायत की थी। इससे आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे थे। आरोपियों ने 14 अगस्त को बाग में माैजूद पिता लखनलाल पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मूलचंद ने कुल्हाड़ी से लखनलाल के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। भाई अनिल और मां उर्मिला ने विरोध किया तो उनसे भी मारपीट की गई। पूरी घटना पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल लखनलाल को सीएचसी नाैरंगा से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
कृष्ण कुमार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की। 16 अगस्त को पुलिस ने आरोपियों के प्रभाव में आकर पीड़ित परिवार के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर दी। कहीं सुनवाई न होने पर उन्होंने अदालत की शरण ली। अब अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मझगवां थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं।