-दो जनपदों की 50 हजार की आबादी होगी लाभान्वित
- ढाई करोड़ रुपये खर्च कर लोनिवि कराएगी कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। लघु पुल के निर्माण के लिए लोनिवि ने निविदाएं आमंत्रित की हैं। चकदाहा-हिमौली मार्ग के सुनहर नाला पर इस पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण में विभाग करीब ढ़ाई करोड़ रुपये खर्च करेगा। इससे दो जनपदों की करीब 50 हजार की आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
दो जनपदों हमीरपुर व महोबा की करीब 50 हजार की आबादी को बारिश के सीजन में इस मार्ग से गुजरने में भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। जरा से पानी में इस सुनहर नाले में उफान आ जाती है। इससे लदार, पारा हिमौली, चकदाहा आदि गांवों की करीब 25 हजार की आबादी का आवागमन ठप हो जाता है। वहीं, महोबा जनपद के ग्योंड़ी गांव सहित अन्य गांवों का भी इसी मार्ग से आना-जाना होता है।
अवर अभियंता लोनिवि एनके स्वर्णकार ने बताया कि लघु सेतु की करीब 30 मीटर लंबाई रहेगी और साढ़े सात मीटर ऊंचाई होगी। इसे बॉक्स कलवर्ट के मुताबिक बनाया जाएगा। साथ की करीब 200 मीटर पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके बनने से करीब 50 हजार की आबादी को सहूलियत होगी।