राठ। क्षेत्रीय सहकारी समिति कुल्हैंड़ा के सचिव की लापरवाही से किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। समिति के अध्यक्ष ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कुल्हैंडा क्षेत्रीय सहकारी समिति के अध्यक्ष कस्तूरी देवी के प्रतिनिधि दयाशंकर लोधी ने बताया समिति में कार्यरत सचिव डेढ़ माह से गायब हैं। जिससे किसान खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। किसान अपनी समस्या लेकर अध्यक्ष कस्तूरी देवी के पास जाते हैं। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने आरोप लगाया सचिव से बात करने पर वह उचित व्यवहार नहीं करते। उन्होंने बताया सचिव श्रीपाल सरीला विकासखंड की तीन समितियों का प्रभार लिए हैं।
इसके बावजूद उन्हें राठ विकासखंड की चार सक्रिय समितियों का प्रभार दिया गया है। जो समितियों और किसान सदस्यों के हित में नहीं है। अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्या बताई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही विकास खंड राठ की समितियों में से किसी भी सचिव को तैनात करने की मांग अधिकारियों से की है। वहीं सचिव का पक्ष जानने के लिए फोन किया तो उनका मोबाइल बंद मिला।