गोहांड गांव में फसल में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : HAMIRPUR
गोहांड। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण के कारण जलनिकासी बंद है। इससे इटैलियाबाजा मौजा में सैकड़ों बीघे खेत जलमग्न हैं। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गईं। जिसको लेकर किसानों में नाराजगी है। उन्होंने इस समस्या से एसडीएम सरीला को अवगत कराया है।
इटैलियाबाजा से होकर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण चल रहा है। जिसमें गोहांड-इटैलिया मार्ग पर पुल निर्माणाधीन है। जिससे यहां की जल निकासी निर्माण कंपनी ने बंद कर दी है। क्षेत्र में चार-पांच दिनों से बारिश होने से एक बड़े कृषि भूभाग में जलभराव हो गया है। खेतों में खड़ी मूंगफली, उड़द, तिल आदि की खरीफ फसलें पानी में डूबी हैं।
गांव निवासी शिवसिंह लोधी ने बताया उनके पांच बीघे में खड़ी मूंगफली की फसल डूबकर नष्ट होने की कगार पर है। विनोद, अनिल, प्रेमचंद्र, जितेंद्र आदि की फसलें पानी से लबालब हैं। यदि अविलंब जल निकासी नहीं हुई तो सैकड़ों बीघे में खड़ी फसलें नष्ट हो जाएंगी। किसानों ने एसडीएम सरीला अजीत परेश को इस समस्या से निदान की मांग की। एसडीएम ने बताया तहसीलदार व लेखपाल को मौके पर भेजा है। खेतों में भरा पानी निकलवाने का प्रयास किया जाएगा।