राठ। रोडवेज की बस में चल रहे जुआ और वरिष्ठ लिपिक के सुविधा शुल्क लेने का वीडियो वायरल होने पर अधिकारियों ने सख्ती दिखाई है। एआरएम ने सात कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की है। वहीं दो सुरक्षा गनमैन को हटाए जाने के लिए पत्र भेजा है।
एक सप्ताह पूर्व राठ डिपो की बस में कुछ चालक व परिचालक का जुआ खेलते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं दूसरे वायरल वीडियो में लिपिक पर चालक व परिचालक की ड्यूटी में हेरफेर करने में सुविधा शुल्क लेने की बात सामने आ रही है। रोडवेज डिपो में अराजकता के माहौल को अमर उजाला ने 15 सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। अधिकारियों ने वायरल वीडियो मामले में कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। एआरएम राजकुमार ने बताया कि कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिला।
वीडियो में पैसे लेते दिखे वरिष्ठ मानिक सिंह को व्यवस्थापक पटल से हटाकर सीनियर फोरमैन कार्यालय से संबद्ध किया है। वहीं बस में जुआ खेलने के मामले में चालक फहीम खां, परिचारक अफजाल अहमद पर एक वर्ष की वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की है। संविदा परिचालक महेंद्र सिंह दोहरे, संविदा चालक शहीद द्वितीय को तत्काल प्रभाव से रूट ऑफ किया है। सुरक्षा गनमैन संतोष कुमार व राजेश पालीवाल को हटाने के लिए सिक्योरिटी सर्विस बरेली को पत्र भेजा है।