राठ (हमीरपुर)। झांसी निवासी महिला ने बेटे के साथ मारपीट कर मरणासन्न अवस्था में छोड़ने और मोबाइल व रुपये गायब होने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंगलवार को कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है।
झांसी निवासी सलमा पत्नी रफीक ने बताया कि बेटा हसीम कस्बे के जुगियाना मोहल्ला स्थित ननिहाल आया था। 14 अक्तूबर को हसीम अतरौलिया की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवक उसे जबरन अतरौलिया सब्जी मंडी के पास ले गए जहां एकराय होकर हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया और छोड़कर भाग गए। हसीम को सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसने बहन मीना को फोन कर घायल होने की सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर रिश्तेदार सीएचसी पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने पहले उरई और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सलमा ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान बेटे का मोबाइल फोन और रुपये गायब हो गए। कोतवाल अनूप सिंह ने कहा कि हसीम दूसरे की बाइक चला रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक से टक्कर लगने पर वह घायल हुआ है। कहा कि मारपीट व अन्य आरोप निराधार हैं।
कबाड़ी से तीस हजार की ठगी में तीन गिरफ्तार
राठ (हमीरपुर)। बीएसएनएल टावर का कबाड़ खरीदने के नाम पर युवक से 30 हजार की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी जिसके आधार पर आरोपियों की शिनाख्त हुई।
नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी अनिकेत ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र दिया था। बताया कि 14 अक्टूबर को बीएसएनएल टावर के पास एक व्यक्ति ने उसे रोककर कबाड़ खरीदने की बात कही थी। सौदा तय होने के बाद 15 अक्टूबर को राजू नाम के व्यक्ति ने उससे 30 हजार रुपये नकद ले लिए और कंप्यूटर से पक्का बिल बनवाने की बात कहकर वहां से चला गया लेकिन वापस नहीं लौटा। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि मामले में जलालपुर रोड स्थित नहर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बांदा जिले के बिसंडा निवासी अशरफ, रमेश कुमार व बबेरू निवासी मंगल के रूप में हुई है।