जीतेंद्र चौरसिया की फाइल फोटो।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। फैक्ट्री एरिया से सीसीटीवी कैमरे लगाकर बाइक से लौट रहे दो सगे भाइयों को हाईवे पर नेहा नर्सिंग होम के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। पीछे बैठे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
मुख्यालय निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष व मनोनीत सभासद राधा चौरसिया के पुत्र जितेंद्र चौरसिया (30) व आनंद चौरसिया (25) सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य करते हैं। गुरुवार को दोनों भाई कस्बे के फैक्ट्री एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाने आए थे। कैमरा लगाने के बाद वापस बाइक से घर जा रहे थे। हाईवे पर नेहा नर्सिंग होम के पास बने ब्रेकर पर बाइक धीमी करके पार करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे बैठे जीतेंद्र चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। आनंद चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया। घायल आनंद चौरसिया परिजनों को जानकारी दी।
कुछ देर बाद उनकी मां राधा चौरसिया मौके पर पहुंचीं और घायल पुत्र को वाहन से सदर अस्पताल ले गईं। घटना के बाद हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस आवागमन को बहाल करा सकी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कराया है।