राठ (हमीरपुर)। सब्जी उत्पादक किसानों ने बालू खंड संचालकों पर नदी की धारा रोककर अस्थायी पुल बनाने का आरोप लगाया है। बताया कि नदी की धारा रोकने से जलभराव में उनकी सब्जी की फसल नष्ट हो गई है।
चिकासी, मंगरौठ, मकरेछा के सब्जी उत्पादक किसानों ने विधायक मनीषा अनुरागी को दिए ज्ञापन में बताया कि नदी घाट में सब्जी की खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। आरोप लगाया कि खनन करने वालों ने नदी की धारा रोककर अस्थायी पुल बना लिया है।
नदी की धारा अवरुद्ध होने से जलभराव हो गया और उनकी सब्जी की फसल डूब गई है। किसानों का करीब 10 से 15 लाख का नुकसान हुआ है। मना करने पर बालू घाट संचालक गाली-गलौज करते हैं। आरोप है कि संचालकों के सहयोगी जान से मारने की धमकी देते हैं। विधायक से नष्ट फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में रामसिंह, राजकुमार, अशोक, श्यामू, प्रवीण, मुकेश, भीष्म कुमार, निर्दोष कुमार, धर्मेंद्र, अमरचंद्र, भीम, रवि, मदन, राजकुमार, शंकर, अवधेश, उदित, संदीप, देवनारायण, पुष्पेंद्र आदि सब्जी किसान रहे।