राठ। इकठौर गांव में राशन दुकान की जांच में 59.86 क्विंटल अनाज कम मिला। गेहूं, चावल, ज्वार और चीनी के स्टॉक में अंतर मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पूर्ति निरीक्षक अभय उपाध्याय ने बताया कि गांव में उचित दर विक्रेता मंगल सिंह की दुकान का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान स्टॉक का मिलान करने पर 18.60 क्विंटल गेहूं, 28.40 क्विंटल चावल और 12.86 क्विंटल ज्वार कम मिला। इसके अलावा 12 किलो चीनी का भी हिसाब नहीं मिला। कुल मिलाकर 59.86 क्विंटल अनाज कम पाया गया।
इतनी बड़ी मात्रा में स्टॉक कम मिलने पर पूर्ति निरीक्षक ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। रिपोर्ट में अनाज की कमी को गंभीर अनियमितता मानते हुए कालाबाजारी की आशंका जताई गई। साथ ही कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को पूर्ति निरीक्षक ने कोतवाली में कोटेदार के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।