हमीरपुर। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए विपक्षी दलों के नेता घड़ियाली आंसू बहाकर राहत कार्यो में बाधा पहुंचाने का काम कर रहे है। ऐसे नेताओं के लिए सही वक्त है कि वह अपने काले धन को निकालकर बाढ़ पीड़ितो में बांटे और बिस्कुट और केला खिलाकर हमदर्द बनने का ढोंग बंद करें।
यह बात सपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह यादव ने कही। उन्होंने बताया कि बाढ़ विभीषका में पीड़ित परिवारों को बेहतर राहत सामग्री दी जा रही है। पीड़ित परिवारों को राहत शिविरों में पहुंचकर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। सभी जरूरत की खाद्य सामग्रियां बाढ़ पीड़ितों को मिल रही है। कुछ नेता राहत सामग्री को लेकर बुरे समय में नेतागिरि कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का कुचक्र रच रहे है। कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों ने रात दिन मेहनत कर एक सप्ताह की कड़ी मशक्कत के बाद मुख्यालय सहित कुरारा कसबे की बिजली आपूर्ति बहाल कराई। लोगों को चाहिए कि वह लोग ऐसे अधिकारियों की प्रशंसा करें और लोग राजनीतिक रोटियां सेंकने से बाज आएं। कहा कि राहत कार्य को लेकर जो लोग आलोचना कर रहे है। ऐसे लोग अपना काला धन निकालकर बाढ़ पीड़ितों में बांटे, बिस्कुट व केला बांटकर सच्चा हमदर्द बनने का ढोंग बंद करें। उन्होंने बाढ़ पीड़ितो से कहा कि राहत कार्यो में व्यवधान डालने वाले वह लोग ऐसे नेताओं से दूर रहे और प्रशासन का सहयोग करें। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को राहत धनराशि के साथ साथ इंदिरा आवास भी दिलाए जाएंगें। इस दौरान पूर्व चेयरमैन मुन्नीलाल निषाद, सपा महासचिव कमरूद्दीन, मुबीन अहमद, राजेश श्रीवास सहित अन्य सपाई मौजूद रहे।