फाेटो 02 एचएएमपी 11- सुमेरपुर में रिमझिम इस्पात के गेट पर हंगामा करते सुरक्षा गार्ड। स्रोत-पीड़
भरुआ सुमेरपुर। रिमझिम इस्पात लिमिटेड ने 45 सुरक्षा गार्डों पर चोरी कराने का आरोप लगाकर नौकरी से निकाल दिया। दो माह का वेतन नहीं दिए जाने से नाराज गार्डों ने फैक्टरी गेट पर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर 112 की टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे गार्डों को समझा बुझाकर शांत कराया।
विगत दिनों कंपनी में कई क्विंटल माल चोरी हो गया था। इसकी शिकायत फैक्टरी प्रबंधन ने सिक्योरिटी मुहैया कराने वाली कंपनी से की थी। जांच के बाद कंपनी ने ड्यूटी में तैनात रहे 45 गार्डों को चिन्हित करके नौकरी से निकाल दिया। इसकी जानकारी गार्डों को शनिवार को दी गई। रविवार को नौकरी से निकाले गए गार्ड विंदेश्वर प्रसाद, संजय कुमार, राम बहादुर, वीरबहादुर, प्रदीप तिवारी, जयप्रकाश, अवधेश पांडे, वीरेंद्र सिंह हाड़वा, गणेश कुमार, सुनील कुमार, कुलदीप, केशव प्रसाद,सुखदेव, दिलीप कुमार, बबलू, जयप्रकाश द्विवेदी, शिवनारायण पांडे, सुंदरलाल आदि गेट पर पहुंचे। नौकरी से निकाले जाने पर जमकर हंगामा किया। गार्डों का कहना है कि चोरी का आरोप निराधार है। उन्होंने कोई चोरी नहीं की है। चोरी करने वाले सिक्योरिटी अफसर ड्यूटी कर रहे हैं। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।