गहरौली। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बदहाल है। खड़ेही लोधन में एक माह से चार सौ परिवार पानी के संकट से जूझ रहे हैं। कई तहसील और जिला प्रशासन से शिकायत के बाद भी समस्या दूर न होने पर ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।
खड़ेही लोधन में वर्ष 2010 में पेयजल योजना संचालित की गई थी। इस एकल पेयजल योजना से 400 परिवारों को पानी मुहैया कराया जाता है। बीते आठ नवंबर को देवेंद्र राजपूत के मकान के बाहर मेन पाइप लाइन में लीकेज होने से सप्लाई ठप है। दीपकांत राजपूत, भूरा राजपूत, राजकुमार राजपूत, कौशल किशोर, नीरज राजपूत, अनुरोध व पप्पू यादव सहित कई ग्रामीण 14 नवंबर को प्रदर्शन कर चुके हैं। नलकूप आपरेटर कल्लू अहिरवार ने बताया कि पेन पाइप लाइन की लीकेज सही कर दिया गया है। वहीं शमशान घाट के पास कई लीकेज हैं जिनको पहले सही किया था। लेकिन अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने विधायक मनीषा अनुरागी सहित डीएम से पेयजल व्यवस्था नियमित कराने की मांग की है।
सहायक अभियंता एके साहू ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की इकाइयां महोबा हस्तांतरित हो गई हैं। कहा कि जेई संजीव कुमार को कहा गया है कि ठेकेदार से बात कर लीकेज सही कराएं व आपरेटर की मजदूरी का भुगतान कराया जाए।