फोटो 23 एचएएमपी38- गल्ला मंडी में खेसारी दाल की जांच करते एसडीएम व सीओ। संवाद
अमेठी से मौदहा लाया जा रहा था माल
एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में सचल दल ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे की गल्ला मंडी में शुक्रवार को सचल दल ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 520 बोरी खेसारी दाल जब्त की। प्रत्येक बोरी में 60 किलोग्राम दाल भरी थी। इस तरह ट्रक में कुल 31.2 टन दाल लदी मिली। सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह और सीओ राजकुमार पांडेय भी मौजूद रहे। जब्त दाल को विक्रेता दया अग्रवाल की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।
शुक्रवार को सुबह सचल दल को गल्ला मंडी में खेसारी दाल लाए जाने की सूचना मिली। इस पर टीम ने मंडी परिसर में पहुंचकर ट्रक की जांच की। जांच के दौरान ट्रक में 520 बोरी खेसारी दाल लदी मिली। ट्रक चालक सूरज कुमार निवासी पीपरपुर, जनपद अमेठी से पूछताछ की गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य अधिकारी मृत्युंजय कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने बरामद दाल को जब्त कर विक्रेता दया अग्रवाल की अभिरक्षा में सौंप दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। 31.2 टन दाल मिलने से मंडी में कार्रवाई को लेकर चर्चा रही।