हमीरपुर। शहर के सुभाष बाजार में दिन दहाड़े बीएसएनएल के मंडल अभियंता की पत्नी से 20 हजार की टप्पेबाजी हो गई। पीड़िता ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
शहर के बीएसएनएल कालोनी निवासी मंडल अभियंता अनुज कुमार अपनी पत्नी शिल्पी के साथ बाइक से बाजार के लिए निकले। रास्ते में उन्होंने पीएनबी बैँक एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले और बाजार के लिए चले गए। अनुज कुमार ने बताया कि वह अपने लिए जूते लेने के लिए शोरूम में घुस गए। जबकि पत्नी शिल्पी मंडी में सब्जी खरीदने चली गईं। पत्नी ही एटीएम से निकाले रुपये अपने पर्स में रखे थीं। किसी ने उनके झोले से पर्स निकाल लिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि महिला ने कहीं पर्स गिरा दिया होगा, टप्पेबाजी जैसी कोई घटना नहीं हुई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)