हमीरपुर। अलनीनो चक्रवात के असर से जिले में बृहस्पतिवार रात तेज आंधी और मूसलाधार बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं और बारिश ने भारी नुकसान भी पहुंचाया। मौसम विभाग के अनुसार जिले में 20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान आठ डिग्री गिरकर 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने 29 से 30 मई तक मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली उपकरणों के प्लग निकालकर सुरक्षित रहने की अपील की है। एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार ने बताया कि किसानों को कृषि उत्पाद सुरक्षित स्थान पर रखने और मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी गई है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. शालिनी ने बताया कि आगामी दिनों में तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे बागवानी फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
18 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप
सरीला। तेज आंधी और बारिश के चलते नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। पुलिस चौकी के पास तीन बिजली पोल टूट गए, जबकि मांझखोर मोहल्ले और लल्लू के डेरा में भी पोल और ट्रांसफार्मर गिर गए। जरिया, अमूंद समेत कई गांवों में खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 18 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। लोगों के मोबाइल और इनवर्टर डिस्चार्ज हो गए। वहीं अनमोल और बाबूराम के छप्पर भी तेज हवाओं में उड़ गए। एसडीओ हरिश्चंद्र ने बताया कि क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का कार्य जारी है और शाम तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।