हमीरपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में पोलिंग पार्टियों को ले जाने, सेक्टर व जोनल के अलावा पुलिसकर्मियों व घर-घर मतदान कराने के लिए कुल 1980 वाहन अधिग्रहीत किए गए हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ राय ने बताया कि पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए 240 बसें, सेक्टर व जोनल के लिए 1,200 बोलेरो, स्कॉर्पियो आदि का अधिग्रहण किया गया है।
इन्हें 17 मई को मंडी समिति सुमेरपुर पहुंचना है। वहीं, पुलिस कार्य के लिए 500 वाहनों को 16 मई को परेड ग्राउंड में व घर-घर मतदान कराने के लिए 40 हल्के वाहन 13 मई को कलक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय के लिए अधिग्रहीत किए गए हैं। बताया कि सभी थानों को जिले में पंजीकृत वाहन स्वामियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है।
साथ ही पूर्व में सभी वाहन मालिकों को नोटिस भी भेजा जा चुका है। इस दशा में यदि समय पर वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो ऐसे वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)