हमीरपुर। जनपद की जूनियर बालिका कबड्डी खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की ओर कदम बढ़ाया है। जिले की 12 खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे जिलास्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें कुल 27 बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शन के आधार पर लक्ष्मी यादव, उषा यादव, तनु, प्रतिमा, श्वेता, दुर्गा, मानवी, सिमर, रिया, निखिता, साक्षी एवं काजल का चयन किया गया है। इनमें दो अतिरिक्त खिलाड़ी भी शामिल हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 21 अक्तूबर को सुबह 11 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम चित्रकूट में आयोजित मंडलस्तरीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। मंडल में सफल खिलाड़ियों को 22 से 25 अक्तूबर तक स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में आयोजित प्रदेशस्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।