हमीरपुर। मुख्यालय सहित तीन नगरों की 1.11 लाख से अधिक आबादी को अब नल से जल उपलब्ध कराया जाएगा। अमृत 2.0 योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में भी फिल्टर पानी पहुंचाया जाएगा। योजना के तहत बेतवा नदी में दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने की स्वीकृति शासन स्तर से मिल गई है।
204 करोड़ की लागत से कार्यदायी संस्था जल निगम इनका निर्माण कार्य कराएगी। दो डब्लूटीपी, दो इंटेकवेल, 12 ओवरहेड टैंक सहित 186 किलोमीटर लंबी वितरण पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
योजना के तहत विकासखंड कुरारा के पतारा गांव के बाहर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जाना है। इसे नौ जोन में बांटा गया है। दो कुरारा व सात जोन हमीरपुर में बनाए जाएंगे। नदी किनारे आठ मीटर डाया का एक इंटेकवेल व रोजाना 20 मिलियन लीटर (एमएलडी) क्षमता का एक डब्लूटीपी का निर्माण कराया जाना है। इनके अलावा नौ ओवरहेड टैंक, तीन सीडब्लूआर सहित 122.20 किलोमीटर लंबी वितरण पाइप लाइन व 33 किलोमीटर लंबी राइजिनिंग पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इस वाटर प्लांट के निर्माण में 144 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वहीं, नगर पंचायत गोहांड एवं नगर पालिका सरीला पुनर्गठन योजना के तहत इस्लामपुर गांव में नदी किनारे 60.24 करोड़ की लागत से दूसरे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण होना है। इस प्लांट में रोजाना 4.50 मिलियन लीटर क्षमता का एक डब्लूटीपी व छह मीटर डाया का एक इंटेकवेल का निर्माण कराया जाएगा। तीन ओवरहेड टैंक, दो सीडब्लूआर सहित 64.70 किमी लंबी वितरण पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 35.44 किमी लंबी राइजिनिंग लाइन बिछेगी।