कभी-कभी ज्यादा मजाक भी बखेड़ा खड़ा कर देता है। ऐसे ही मजाक के चक्कर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में अफरातफरी मच गई, जब एक स्टेनो ने प्रेम चोपड़ा कहकर चिढ़ाने पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से अपने ऑफिस के बाहर फायर कर दिया। इससे डायट में दहशत फैल गई।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंची थाना हाथरस गेट पुलिस ने स्टेनो को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की है। डायट प्राचार्य ने स्टेनो के खिलाफ तहरीर पुलिस को दे दी है।
डायट में तैनात स्टेनो राशिद अली बेग को ऑफिस के साथी प्रेम चोपड़ा कहकर चिढ़ाते हैं। यही नहीं, कार्यालय के बाबू और कर्मचारी उसे चिढ़ाने की नीयत से उसकी मेज एवं अलमारी पर प्रेम चोपड़ा लिख देते थे।
ऐसी स्थिति में अक्सर राशिद अली बेग की अपने साथियों से कहासुनी हो जाती है। बुधवार को भी किसी कर्मचारी ने उनकी अलमारी पर प्रेम चोपड़ा लिख दिया।
इस पर उन्होंने डायट प्राचार्य हरवंश सिंह से शिकायत की। प्राचार्य ने तत्काल सभी कर्मचारियों को बुलाकर भविष्य में इस प्रकार की मजाक न करने की चेतावनी दी।
बावजूद इसके स्टेनो का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार को वह अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर कार्यालय आया और कार्यालय के कर्मचारियों को चेतावनी दी कि आज वह अपने घर कहकर आया है कि दो-चार की हत्या कर देगा।
इसके बाद उसने कार्यालय से बाहर आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे डायट परिसर में दहशत का माहौल पैदा हो गया।