रक्षा विभाग कर्मचारी अमरनाथ शाह की पत्नी अनीता देवी (32) ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मामला खोराबार के जंगल सिकरी का है। मूल रूप से बिहार के सिवान निवासी अमरनाथ की इन दिनों बैंगलोर में तैनाती है। पत्नी तीन छोटे बच्चों के साथ जंगल सिकरी में रहती थी।
पत्नी की शुक्रवार की रात पति से फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद पत्नी कमरे में गई और पंखे से दुपट्टा के सहारे लटककर खुदकुशी कर ली। सुबह उठे बच्चों ने देखा तो वह रोने लगे। उनके सबसे बड़े बेटे की उम्र दस साल है। उसकी सूचना पर ही पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोन पर अमरनाथ को घटना की जानकारी दी। वह बैंगलोर से चल दिए है। शाम तक उनके गोरखपुर पहुंचने की उम्मीद है।