गोरखपुर। जिले के नोडल अफसर एवं प्रमुख सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म डॉ. गुरुदीप सिंह के दौरे में सबकुछ चकाचक दिखे इसे लेकर जिला प्रशासन ने पूरा जोर लगा दिया है। कई विभागों के अफसर-कर्मचारी इस काम में जुट गए हैं। विभिन्न योजानओं से जुड़ी प्रगति रिपोर्ट के आंकड़े दुरुस्त किए जा रहे हैं तो वहीं सहजनवां के लोहिया गांव गोरेडीह की सूरत बदली जा रही है। प्रमुख सचिव गांव का निरीक्षण करेंगे और वहां चौपाल भी लगाएंगे।
नोडल अफसर के दौरे के मद्देनजर लोक निर्माण महकमा गांव की खराब सड़कों को बनाने में जुटा है तो पंचायती राज महकमे ने आसपास के गांवों में तैनात करीब 100 सफाई कर्मियों को गांव में तैनात कर दिया है। महीनों चिरौरी करने पर भी न पहुंचने वाले सफाईकर्मी भी बड़े हाकिम के आने की सूचना पर पूरे मनोयोग से सफाई कार्य में लग गए हैं। इसी तरह स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के तमाम अफसरों-कर्मचारियों ने भी गांव में कैंप कर रखा है।
जिला प्रशासन की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक प्रमुख सचिव सुबह 11 बजे यहां आ जाएंगे। जीडीए सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा के बाद वह गांव के निरीक्षण के लिए निकलेंगे। अगले दिन जिला अस्पताल या किसी सीएचसी, पीएचसी के अलावा वह किसी सरकारी दफ्तर और 25 लाख से ऊपर की किसी एक परियोजना का भौतिक सत्यापन करेंगे।