शहर में पार्किंग को लेकर जीडीए ने एक बार फिर अभियान छेड़ दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष डीएस उपाध्याय के निर्देश पर अधिकारियों ने मंगलवार को सिटी मॉल रोड पर एक रेस्टोरेंट के बेसमेंट सहित तीन निर्माणाधीन व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया। आर्यनगर में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए बन रहे दो व्यावसायिक भवनों को भी सील किया गया।
जीडीए के सहायक अभियंता राकेश प्रताप के नेतृत्व में मंगलवार को टीम सबसे पहले गोलघर में मोती महल रेस्टोरेंट पहुंची। टीम को यहां बेसमेंट में जेनरेटर चलता मिला। जांच पड़ताल के बाद अधिकारियों ने बेसमेंट सील कर दिया। इसके बाद जीडीए की टीम आर्यनगर में दुर्गा मंदिर के सामने निर्माणाधीन व्यावसायिक प्रतिष्ठान पहुंची। यहां निर्माण करा रहे राकेश कुमार से जब टीम ने मानचित्र मांगा, तो वह नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने भवन को सील कर दिया।
इसी प्रकार आर्यनगर वार्ड में चरनलाल चौराहे के पास संजय अग्रवाल द्वारा भी बगैर मानचित्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठान का निर्माण कराया जा रहा था, टीम ने उसे भी सील कर दिया। सहायक अभियंता राकेश प्रताप ने बताया कि पार्किंगविहीन व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अवैध निर्माण चिह्नित कर लिए गए हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अभियान में सहायक अभियंता एसपी अरविंद, अवर अभियंता ज्ञानेश्वर सिंह, रंजीत सिंह आदि भी शामिल रहे।