खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह मंगलवार की सुबह अचानक रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान हॉस्टल में गंदगी मिलने और बदबू आने पर वह खासे नाराज हो गए। उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से समय-समय पर हॉस्टल का निरीक्षण करने और व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि हॉस्टल का निरीक्षण होता रहे तो कई समस्याएं अपने आप दूर हो जाएंगी।
सुबह सबसे पहले डॉ. आरपी सिंह बाक्सिंग हॉल पहुंचे। यहां दरवाजे के पास फर्श टूटी होने पर इस संबंध में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एसएएच नकवी से जानकारी ली। हॉल में बिजली न होने पर उन्होंने इसका प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा। इसके बाद वे छात्रावास पहुंचे। अंदर घुसते ही बदबू आने पर वह नाराज हो गए। उन्होंने मेस के अंदर जाकर भोजन की जानकारी ली कि वह मेन्यू के हिसाब से बन रहा है या नहीं। उन्होंने खाना बनाने वाले रसोइये से भी पूछताछ की। उन्होंने आरएसओ को मेस में हॉस्टल का मेन्यू चार्ट बड़ा लगाने का निर्देश दिया।
हॉस्टल में खिलाड़ियों के लिए बना रजिस्टर न होने पर जब निदेशक नाराज हुए तो उन्हें आरएसओ ने बताया कि रजिस्टर वार्डन अपने साथ ले गए हैं। बाद में संवाददाताओं से बातचीत में डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए कई प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन पर सरकार उन्हें नकद धनराशि देकर सम्मानित करेगी।