गोरखपुर। आम आदमी जहां तेल-घी की गुणवत्ता को लेकर फिक्रमंद है वहीं दुकानदार मसालों की गुणवत्ता को लेकर संजीदा। यही वजह है कि शहर के 10 दुकानदारों ने एक-एक हजार रुपये खर्च कर मसालों की जांच के लिए विभाग को नमूने दिए हैं।
इनमें सरसों, जीरा, मेथी, धनिया, मखाना, लावा, हल्दी, जीरा आदि हैं। नमूना देने वालों में तिवारीपुर, मिर्जापुर, निजामपुर, हनुमानगढ़ी, साहबगंज, नौसढ़, बुद्ध विहार कालोनी, दीवान बाजार, इस्माइलपुर, पिपरी आदि क्षेत्र के थोक एवं फुटकर विक्रेता शामिल हैं।
इसके पहले भी शहर के 23 लोग रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए विभाग को दे चुके हैं। इनमें से ज्यादातर लोगों ने तेल और घी के नमूने दिए थे।
हालांकि करीब चार महीने हो गए और अब तक एक की भी जांच रिपोर्ट नहीं आ सकी। ये सभी नमूने गोरखपुर के मेडिकल कालेज स्थित प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।
माना जा रहा है कि नमूनों की जांच की फीस कम करने के साथ ही अगर समय से जांच रिपोर्ट भी आ जाए तो सरकार की इस योजना का और भी लोग फायदा उठाते।
महकमे के अभिहीत अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के लिए उन्होंने प्रयोगशाला के अफसरों से संपर्क किया है। उन्होंने जांच पूरी होने की बात कहते हुए जल्द ही रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया है।