जाम से निपटने के लिए सोमवार की सुबह डीआईजी, एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक ने कमान क्या संभाली, थानेदार और चौकी प्रभारी भी अपने-अपने प्वाइंट पर मुस्तैद हो गए। परिणाम यह निकला कि राहगीरों को सोमवारी जाम से मुक्ति मिल गई। लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना भी की।
एसएसपी रामलाल वर्मा सुबह 10:30 बजे गणेश चौराहे पर पहुंचे। सिपाहियों के साथ खड़े होकर उन्होंने यातायात नियम की अनदेखी करने वालों का चालान कराया। यहां से निकलने के बाद वह असुरन चौराहे पहुंचे। वहां 20 मिनट तक रुकने के बाद ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई कराने के साथ ही उन्होंने अतिक्रमण भी हटवाया। असुरन के बाद वह कालीमंदिर, यूनिवर्सिटी चौराहे होते हुए मोहद्दीपुर पहुंचे। एसएसपी के निकलने की खबर मिलते ही मातहत भी सोमवार के जाम से निपटने के लिए मुस्तैद हो गए।
उधर, पिपराइच जाते समय डीआईजी शिवसागर सिंह दोपहर 12 बजे मोहद्दीपुर चौराहे पर रुके। व्यवस्था की जानकारी लेने के साथ ही दरोगा और सिपाही को उन्होंने सतर्क रहने को कहा। इसी क्रम में एसपी (सिटी) हेमराज मीणा ने टीपी नगर, बेतियाहाता, शास्त्री चौराहा पहुंचकर चोरों तरफ 50 मीटर के दायरे में खड़े टेंपो, ठेला और दो पहिया गाड़ियों को हटवाया। दोपहर एक बजे स्कूल की छुट्टी के समय एसपी (ट्रैफिक) श्रीप्रकाश द्विवेदी फोर्स के साथ आरटीओ तिराहे पर पहुंचे। स्कूल की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों को रोकने के साथ ही उन्होंने अभिभावकों को पैदल जाने दिया, जिस कारण जाम नहीं लगा।
कार्मल स्कूल के सामने एसपी (सिटी) ने खुद ही कमान संभाली। गाड़ियों को पटरी पर खड़ी कराने के साथ ही उन्होंने स्कूल के तरफ आने वाले बड़े वाहनों को चौराहे से पहले ही रुकवा दिया। दोपहर 1:30 बजे छुट्टी होने के बाद केवल 20 मिनट तक यहां जाम की स्थिति रही। दोपहर दो बजे तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो गई। आईजी की सख्ती के कारण सुबह आठ बजे से ही हाईवे पर व्यवस्था ठीक करने की कवायद शुरू हो गई। सीओ कोतवाली ने फोर्स के साथ टीपी नगर चौराहे पर राजघाट पुल से लेकर फलमंडी तक अतिक्रमण हटवाने के साथ ही ठेला और दुकानदारों को अपने दायरे में रहने की चेतावनी दी, जिसका असर भी दिखा।
25 मिनट में खाली हो गई सिविल लाइंस की ट्रैफिक
पुलिस की मुस्तैदी से सोमवार की दोपहर पूरे दिन लगने वाला जाम महज 25 मिनट में ही निपट गया। दोपहर डेढ़ बजे स्कूलों की छुट्टी होने के बाद हरिओम नगर, कार्मल रोड, काली मंदिर, रेलवे स्टेशन रोड पर स्कूली बस, टेंपो और अभिभावकों की भीड़ के कारण गाड़ियां रेंगती नजर आईं पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही अधिकारियों की मुस्तैदी से लोगों को दिक्कत नहीं हुई।
गोरखपुर पुलिस ने जाम से निपटने के लिए प्लान के अनुसार काम किया। सोमवार को इसका असर भी दिखा। स्थिति ठीक होने तक पुलिस इसी प्लान के तहत काम करेगी।
- मोहित अग्रवाल, आईजी