प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 जुलाई के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए परिवहन निगम गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर चार घंटे तक बसों का संचालन बंद रखेगा। उनके जाने के बाद ही संचालन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक ने गोरखपुर और सोनौली डिपो के एआरएम को इसकी जानकारी दे दी है।
22 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 10:30 से 1:30 बजे तक का है। इससे एक घंटे पहले ही गोरखनाथ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर रोडवेज की तकरीबन 50 से ज्यादा बसों का संचालन ठप रहेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय ने बताया कि इस संबंध में गोरखपुर डिपो और सोनौली डिपो के एआरएम को निर्देश दे दिए गए हैं। इस दौरान सोनौली से आने वाली बसों को कैंपियरगंज के रोडवेज ढाबे पर भी रुकने की व्यवस्था की गई है, जिससे बीच रास्ते में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
काफिले में होंगी 16 वीआईपी कारें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में इलाहाबाद, आजमगढ़, अलीगढ़, लखनऊ समेत प्रदेश के तकरीबन आठ जिलों से 16 वीआईपी कारों को मंगाया गया है। गोरखपुर रीजन में वर्तमान समय में केवल दो ही वीआईपी कारें हैं।