जाम को खुलवाने का प्रयास करती पुलिस
अनियंत्रित कार की चपेट में पांच आए, एक की मौत
मोतीराम अड्डा (गोरखपुर)। झंगहा इलाके के गहिरा टोला के पास रविवार की दोपहर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार की चपेट में आने से एक शख्स की मौत हो गई जबकि चार लोग जख्मी हो गए। दो की हालत डॉक्टरों ने बेहद नाजुक बताई है। हादसे की खबर पाकर आए ग्रामीणों ने आर्थिक मदद की मांग करते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मृतक की पहचान गहिरा चौबे टोला निवासी जीउत यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक साइकिल सवार कैलाश यादव अचानक ही कार के सामने आ गए। उन्हें बचाने के चक्कर में ही कार अनियंत्रित होकर पांच लोगों को टक्कर मारते हुए एक पेड़ से टकरा गई। हादसा होते ही भीड़ एकत्र हो गई और मौका पाकर कार सवार देवरिया की ओर से फरार हो गया। कार की चपेट में आने से गहिरा चौबे टोला निवासी जीउत यादव (55) की मौत हुई है, जबकि राधे, रामवृक्ष, हरी यादव, कैलाश यादव घायल हो गए। यह सभी सड़क किनारे जानवरों को चरा रहे थे।
ट्रक से कुचलकर महिला की मौत, बेटा घायल
बांसगांव। इलाके के हटवार चौराहे के पास ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बांसगांव निवासी लीलावती देवी (36) अपने बेटे अर्जुन (18) के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रही थी, इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने की वजह से हादसा हो गया। बेटे की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।