नौ और 10 को बारिश के साथ विदा हो जाएगा मानसून
गोरखपुर। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसकी वजह से नौ और 10 अक्तूबर को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसके साथ ही मानसून की विदाई हो जाएगी। इस बार के मानसून में अब तक सामान्य से करीब 200 मिलीमीटर ज्यादा बारिश हो चुकी है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के साथ ही करीब पांच हजार की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाएं चल रहीं हैं। इसकी वजह से इन दिनों बंगाल और झारखंड में बारिश हो रही है। इसके बिहार, पूर्वांचल के जिलों में होते हुए नौ एवं 10 अक्तूबर को गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय ने बताया कि इन दो दिनों गोरखपुर में हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम पांच मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही मानसून की विदाई हो जाएगी।
बंगाल की खाड़ी में इस बार 12 बार सक्रिय हुआ सिस्टम
गोरखपुर। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि इस बार पूरे देश में झमाझम बारिश ऐसे ही नहीं हुई है। सामान्य तौर पर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र की सक्रियता छह से सात बार होती है, लेकिन इस बार यह 12 बार सक्रिय हुई है। साथ ही उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम की ओर से जाने वाला मानसून सिर्फ पश्चिम की ओर से चला है। इसकी वजह से उत्तर एवं मध्य भारत में काफी बारिश हुई है। मानसून भी सामान्य से करीब 200 मिलीमीटर ज्यादा बरसा है। इसके साथ ही गोरखपुर में होने वाली बारिश पटना और वाराणसी के ऊपर बनने वाले सिस्टम की वजह से प्रभावित होती है। इस बार वाराणसी और पटना के ऊपर भी सिस्टम काफी ज्यादा बना है।