पीएम आवास के लिए घूस मांगने पर प्रधान का पावर सीज
गोरखपुर। प्रधानमंत्री आवास के लिए खुलेआम रिश्वत मांगने के वायरल हो रहे वीडियो को संज्ञान में लेते हुए सीडीओ अनुज सिंह के निर्देश डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर ने बेलघाट ब्लाक के ग्राम पंचायत छितौना के प्रधान राजेश प्रसाद का पावर सीज कर दिया है। पंचायत के काम प्रभावित न हों, इसलिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने करने के साथ ही प्रधान को निलंबित करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी गई है।
ग्राम प्रधान राजेश प्रसाद पर आरोप है कि वे गांव की ही अनीता देवी से प्रधानमंत्री आवास के लिए रिश्वत ले रहे थे। महिला से रुपये लेने और बातचीत का किसी ने पूरा वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बातचीत में ग्राम प्रधान सचिव समेत अन्य अधिकारियों में भी रिश्वत की रकम बांटने की बात कह रहे हैं। वायरल वीडियो जब सीडीओ के पास पहुंचा तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी क्रम में डीपीआरओ ने प्रधान के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार प्रतिबंधित करते हुए त्रिस्तरीय कमेटी द्वारा ग्राम पंचायत के संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी। डीपीआरओ का कहना है कि प्रधान को निलंबित करने के लिए डीएम के. विजयेंद्र पांडियन को रिपोर्ट दे दी गई है। जल्द ही उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा।