फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: कच्ची शराब पीने से एक की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी और मदद के लिए ग्रामीणों का हंगामा

Mon, 05 Aug 2019 11:03 PM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुशीनगर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो
विज्ञापन
कुशीनगर के तुर्कपट्टी क्षेत्र के छहूं गांव निवासी ट्रैक्टर चालक की कच्ची शराब पीने से रविवार की रात मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सरकारी मदद की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। 
विज्ञापन


वे पुलिस को शव नहीं ले जाने दे रहे थे। एएसपी के आश्वासन के बाद लोग माने और पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पाई। तुर्कपट्टी क्षेत्र के छहूं निवासी 45 वर्षीय रमेश मिश्र पुत्र शिवपूजन मिश्रा ट्रैक्टर चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। 

आरोप है कि रमेश मिश्रा रविवार की रात गांव के ही मनोज मिश्रा पुत्र सूरज नारायण मिश्र के घर बन रही कच्ची शराब पीने गए थे। अत्यधिक शराब पीने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। उसके बाद अवैध शराब के कारोबारी ने उन्हें गांव की सड़क पर फेंक दिया। 
विज्ञापन


बाद में पीड़ित बेटे धीरज मिश्रा वहां गए और रमेश मिश्रा को घर लेकर आए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत की जानकारी होते ही गांव में कोहराम मच गया। 
विज्ञापन

सोमवार सुबह एसओ राजेश कुमार मौर्या मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराने की बात पर परिजन और ग्रामीण भड़क गए। वे डीएम और प्रभारी मंत्री को मौके पर बुलाने की जिद करने लगे। वे लोग मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। 

मामला बिगड़ता देख एसओ ने घटना क्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह, एसडीएम रामकेश यादव ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजन शव देने को तैयार हुए। गांव के माहौल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। 

एएसपी गौरव वंसवाल ने मौके का मुआयना कर पीड़ित पक्ष की बात सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम रामकेश यादव ने बताया कि पीड़ित परिवार को जो भी सरकारी सुविधाएं संभव होगी, वह दिलाई जाएगी। दोषियों के विरुद्ध न्यायोचित कार्रवाई होगी। 

सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी मनोज मिश्रा और उसकी पत्नी रूबी मिश्रा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति मनोज मिश्रा फरार है, जबकि आरोपी पत्नी रूबी मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें