बुधवार को भी नगर निगम की टीम शहर के छह इलाकों में मच्छर मारने निकली। बुधवार को शहर के तीन इलाकों के नालों में गंबूजिया मछली छोड़ी गई, तो छह वार्डों में फॉगिंग की गई। फॉगिंग किए गए इलाकों में निगरानी के लिए सफाई निरीक्षकों के साथ नगर निगम के अधिकारियों को भी लगाया गया है। इसके अलावा सिंघाड़िया और एचएन सिंह चौराहे के पास बड़े नालों की सफाई की गई।
मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी सतीश कुमार सिंह ने बताया कि गंबूजिया मछली मच्छरों के लार्वा को खा जाती है। इससे मच्छरों की संख्या काफी नियंत्रित रहती है। इसको देखते हुए शहर के सभी नालों में गंबूजिया मछली छोड़ने की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी प्रतिदिन दो से तीन नालों में इन मछलियों को डाला जा रहा है। बुधवार को एचएन सिंह चौराहे के पास वाले तीनों प्रमुख नालों में गंबूजिया मछली छोड़ी गई और शाम को वार्ड नं. 7, 4, 16, 43, 53 और 57 में शाम को पांच-पांच मशीनें लगाकर फॉगिंग कराई गई। वहीं मलिन बस्तियों में संक्रमण न फैले इसके लिए मियां बाजार और बेतियाहाता बस्ती में डस्टिंग करके लार्वा छोड़ा गया।
आज यहां होगी फागिंग
वार्ड नं 12 लच्छीपुर, 47 चक्सा हुसैन, 55 रसूलपुर, 65 पुराना गोरखनाथ और वार्ड नं 35 सूर्यकुंड धाम।