गगहा के सीयर में शुक्रवार की रात दुकान में सो रहे दुकानदार की बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। सुबह कर्मचारियों ने खून से सनी लाश देखकर सूचना पुलिस और उनके घरवालों को दी। घटना से नाराज लोगों ने गजपुर-सीयर मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ बांसगांव ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी होने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। दुकानदार के पिता ने देवरिया के एकौना निवासी तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गगहा प्रतिनिधि के अनुसार बासूडीहा के रहने वाले दीपक गुप्ता (24) सीयर मोड़ पर मिठाई और चाट की दुकान चलाता था। वहां काम करने वाला गोंडा निवासी मजदूर दिनेश के साथ ही दुकान में सोया हुआ था। उसका छोटा भाई अभिषेक दूसरे मजदूरों के साथ दूसरी दुकान में सोया था। रात में पहुंचे बदमाशों ने काउंटर के पास सोए दीपक की किसी धारदार हथियार से गला रेतने के बाद सिर पर सिलेंडर पटककर उसकी हत्या कर दी। वहीं सो रहे मजदूर को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।
शनिवार सुबह पांच बजे के करीब दूध देने पहुंचे युवक ने खून से लथपथ दीपक का शव देखकर मजदूर को जगाया। जानकारी के बाद वह चिल्लाने लगा। शोर सुनकर सामने की दूसरी दुकान में सो रहे मजदूर पहुंचे और घटना की जानकारी दीपक के पिता दुर्गा गुप्ता को देने के साथ ही उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी थे।
घटना से नाराज गांव वालों ने सुबह 8:30 बजे गजपुर-सीयर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर सीओ बांसगांव राजेश भारती, एसओ गगहा गिरजेश तिवारी, बड़हलगंज और गोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और 48 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा देकर सुबह 10 बजे जाम खत्म कराया। दुर्गा गुप्ता ने देवरिया, एकौना के हड़हा निवासी राजन चौधरी, संजय व मुकेश चौधरी पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को बताया कि एक महीने पहले तीनों ने दिनेश से मारपीट की थी। कई बार वह मारपीट करने दुकान पर भी आए लेकिन भीड़ होने के कारण हमला नहीं कर पाए। गगहा पुलिस ने दुर्गा गुप्ता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के अलावा उनके अज्ञात साथियों पर हत्या, बलवा और धमकी देने का केस दर्ज किया है।