जंगल धूसड़ (हसनगंज) में स्थित पटाखा की दुकान में शनिवार की दोपहर आग लग गई। आग गोदाम में पहुंचने के बाद हुए विस्फोट से सीमेंट शीट से बने दुकान की छत उड़ गई। आसपास के इलाके में अफरा- तफरी मच गई। दुकान बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। आकाशीय बिजली से विस्फोट होने की बात कही जा रही है।
पिपराइच प्रतिनिधि के अनुसार जंगल धूसड़ के हसनगंज में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से 500 मीटर दूर सीवान में बुढ़ऊ चाचा के पटाखे की दुकान और गोदाम है। शनिवार की सुबह दुकान मालिक के साथ ही कर्मचारी दुकान बंद कर घर चले गए थे। दोपहर 1:30 बजे के करीब अचानक गोदाम में हुए विस्फोट से सीमेंट शीट का छत उड़ गया। धमाका इतना जोरदार था कि दुकान और गोदाम की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान बंद होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।
तेज आवाज सुनकर इलाके लोग दहशत में आ गए। सूचना पर पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ इंस्पेक्टर अंजनी श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से एक घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। आसपास के लोगों ने आकाशीय बिजली गिरने से पटाखा की दुकान और गोदाम में आग लगने के बाद विस्फोट होने की बात कह रहे है। घटना के बाद से गोदाम मालिक फरार हो गया।
बिना लाइसेंस के दुकान चलने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
स्कूल के पास पटाखे की दुकान और गोदाम बिना लाइसेंस के चलने का आरोप गांव के लोगों ने लगाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर से कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था स्कूल के पास स्थित गोदाम से हजारों बच्चों की जान को हमेशा जोखिम बना रहता है। इंस्पेक्टर पिपराइच अंजनी श्रीवास्तव ने बताया कि जंगल धूसड़ में चलने वाली दुकान लाइसेंसी है।