गीडा के एकला में छात्र के हत्या में पकड़े गए पांचो आरोपी
प्रेम प्रसंग में दोस्तों ने ही छात्र को मार डाला था, गए जेल
पिपरौली(गोरखपुर)। गीडा इलाके के एकला निवासी छात्र अभिषेक को प्रेम प्रसंग में विवाद पर दोस्तों ने गला दबाकर मार डाला था। पुलिस ने सोमवार की सुबह पांच आरोपी दोस्तों नीरज निषाद, आकाश निषाद, बृजेश निषाद, रवि निषाद और मोनू निषाद को बाघागाड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया। सभी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हत्या की वजह का पुलिस ने खुलासा तो नहीं किया पर पूछताछ में अब तक प्रेम प्रसंग में विवाद की बात सामने आई है। उधर इस मामले में पहले चार दोस्तों के नाम थे लेकिन बाद में एक और का नाम शामिल किया गया।
गीडा के एकला बाजार निवासी विजय जायसवाल के बेटे अभिषेक उर्फ गोलू जायसवाल की शनिवार की शाम को एक बगीचे में रहस्यमय हाल में मौत हो गई थी। अभिषेक उस वक्त बगीचे में अपने दोस्तों के साथ गया था। दोस्तों ने ही उसके घर फोन करके करंट लगने और मौत होने की सूचना दी थी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज कर जांच शुरू कर दी थी। रविवार को पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
उधर पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी आकाश को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। जिससेे परिजन आक्रोशित हो गए। केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने रविवार की शाम को गोरखपुर-वाराणसी हाइवे जाम कर तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सोमवार को अभिषेक के पांच दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। चर्चा है कि एक युवती से प्रेम प्रसंग को लेकर अभिषेक और उसके एक अन्य दोस्त में विवाद था। शनिवार को बगीचे में इस पर आपस में बातचीत हुई। जिसमें मामला इतना बढ़ गया कि अभिषेक की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
अभिषेक के शव का परिजनों ने सोमवार को दोपहर राप्ती नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया।