आप भले ही बुखार और सदी-जुखाम से पीड़ित हों, मगर मेडिकल कॉलेज में मिलेगी सिर्फ विटामिन की गोली। दरअसल, बदले मौसम में काफी लोग इन बीमारियों की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां इन मर्जों की दवाएं खत्म हो चुकी हैं। बुखार में पैरासिटामॉल, दर्द में डेकभनो की दवा भी नहीं मिल पा रही है। डॉक्टर आने वाले मरीजों के पर्चे पर दवाएं तो लिख रहे हैं। मगर दवा काउंटर पर विटामिन और कुछ दवाएं देकर बाकी के आगे क्रॉस बना दिया जा रहा है। इसका मतलब पूछने पर दवा न होना बताकर मरीजों को लौटा दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिनों मौसम में आए बदलाव से हुए बीमार लोग सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं। लंबी लाइन लगाने के बाद किसी तरह वह डॉक्टर तक पहुंचते हैं और डॉक्टर दवा भी लिख दे रहे हैं। मगर दवा काउंटर पर पहुंचने पर अधिकतर दवाओं के आगे क्रॉस बनाकर विटामिन की गोली थमा दी जाती है। मरीज यदि फॉर्मासिस्ट से दवाएं कम होने की बात कहते हैं तो उन्हें उपलब्धता न होने की बात बताकर बाहर से लेने की सलाह दी जा रही है। यह हाल यहां एक दो दिन से नहीं है बल्कि कुछ महीने से चल रहा है। एक-एक कर दवाएं खत्म हो रही हैं तो अस्पताल प्रशासन सिर्फ ऑर्डर भेजकर दवाओं के आने का इंतजार ही कर रहा है।
एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव का कहना है कि दवाओं को लेकर ऑर्डर भेजा चुका है। कोशिश की जा रही है जल्द दवा मंगाने की। कुछ आई भी हैं, बाकी जल्द आ जाएंगी।