कुसम्ही जंगल में शिक्षिका का मंगल सूत्र व पर्स लूटा
कुसम्ही बाजार। खोराबार इलाके में विनोद वन के पास स्थित पौधशाला के पास रविवार की दोपहर दो बाइक सवार दो बदमाशों ने शिक्षिका से मंगल सूत्र और पर्स लूट लिया। शिक्षिका अपने पति और बच्चे के साथ पिपराइच स्थित मायके जा रही थीं।
जंगल चंवरी निवासी मनोज पासवान की पत्नी वंदना एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। रविवार को पति और बच्चे संग बाइक पर जंगल के रास्ते से मायके जा रहीं थी। विनोद वन से पहले आम बाग नर्सरी (पौधशाला) के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
युवकों ने धमकी देते हुए वंदना के गले से मंगल सूत्र निकालते हुए पर्स लूट लिया। शिक्षिका ने बताया कि पर्स मेें तीन हजार कैश, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और 22 दिसंबर को होने वाली सीटेट परीक्षा का प्रवेश पत्र था। घटना के बाद शिक्षिका के पति ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।