जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज के नौतनवां डॉ. राममनोहर लोहिया पीजी कालेज में सपा बसपा गठबंधन की जनसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन की तरफ बढ़ते महागठबंधन को मिलते जनसमर्थन से भाजपा बौखला गई है।
उनकी भाषा बदल गई है। जनता से अच्छे दिनों का वादा कर किसानों, नौजवानों को छलने वाले लोग शौचालय और आवास के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्हें समाजवादी साथी बताएं की हम सत्ता में आए तो युवाओं को रोजगार देंगे।
वह अपना घर और शौचालय खुद बना लेंगे।
यें बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नौतनवां में डॉ. राममनोहर लोहिया पीजी कालेज में गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले लोक सभा चुनाव में जनता से क्या-क्या वादा किया था।
अच्छे दिनों का वादा कर जनता को पहले नोटबंदी, फिर जटिल जीएसटी देकर किसानों, व्यापारियों और युवाओं की कमर तोड़ दी है। हर साल दो करोड़ की नौकरी का वादा कर लाखों नौजवानों की नौकरियां छीनने वाले लोग अब देश में नफरत फैला कर सत्ता पर काबिज होना चाह रहे। लेकिन उन्हे नहीं मालूम पहले चरण से लेकर आखिरी चरण तक गठबंधन मजबूती से जीत रहा है।