कुशीनगर के तरया सुजान क्षेत्र के कोटवा अहिरौली के पास बडी गंडक नहर की पटरी पर गुरुवार की रात बदमाशों ने लूट की कोशिश में चाकू से पेट में ताबडतोड़ प्रहार कर एक शराब व्यवसायी की हत्या की दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर हत्या और लूट की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के सरेया खुर्द निवासी 40 वर्षीय तारकेश्वर गुप्ता की लतवा चट्टी बाजार में लाइसेंसी देशी शराब की दुकान है। गुरुवार की रात तारकेश्वर दुकान में हुई बिक्री के 1.16 लाख रुपए लेकर बाइक से मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पूर्वी पटरी पर बने पिच मार्ग से होकर रोज की भांति अपने घर जा रहे थे। शराब की दुकान से महज 500 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह अभी कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने चाकू से उनके पेट में ताबड़तोड कई प्रहार किए।
बदमाशों ने उनसे रुपए लूटने की कोशिश की, जिसमें नोट का बैग रात के अंधेरे में छिटक कर दूर जा गिरा। जिसमें से रुपए इधर- उधर फैल गए। लोगो के आने की आहट से बदमाश भाग निकले। पीड़ित की रोने-कराहने की आवाज सुनकर मौके पर काफी संख्या मेंं लोग पहुंच गए। उसी दौरान तारकेश्वर के जानने वाले भी मौके पर पहुंच गए। गाड़ी की रोशनी में मौके पर बिखरे रुपए मिल गए। उसके बाद लोग घायल को सीएचसी तमकुहीराज ले गए। जहां से डॉक्टरो ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यहां से भी डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया। गोरखपुर पहुंचते- पहुंचते शराब व्यवसायी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या और लूट की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।