कसया थाने में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर।
- फोटो : KUSHINAGAR
थानेदार की प्राइवेट गाड़ी से मिली शराब, जांच को पहुंचे आईजी
एएसपी को सौंपी जांच, आज शाम तक रिपोर्ट देने के निर्देश
कुशीनगर। कसया बस स्टैंड परिसर में सीओ तमकुहीराज और स्वाट टीम की छापेमारी में एसओ कसया सुनील राय की निजी गाड़ी में शराब मिलने की खबर से हड़कंप मच गया। रात साढ़े नौ बजे आईजी गोरखपुर जेएन सिंह मामले की जांच करने कसया थाने पहुंचे। आईजी की तहकीकात में प्रथम दृष्टया पाया गया कि कसया एसओ की निजी गाड़ी और उनके किसी रिश्तेदार की गाड़ी के साथ ट्रक से अवैध शराब बरामद हुई थी। आईजी ने पूरे प्रकरण की जांच एएसपी गौरव वंशवाल को सौंपी है। बुधवार शाम तक एएसपी को रिपोर्ट देने को कहा है।
कसया बस स्टैंड परिसर में खड़े ट्रक में अवैध शराब होने और पुलिस की मिली भगत से उसे ठिकाने लगाने की सूचना पर तमकुहीराज सर्किल के सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह ने स्वाट टीम के साथ छापेमारी की। उस दौरान एसओ कसया की निजी गाड़ी में भी शराब मिली। इसको लेकर स्वाट टीम और एसओ में आरोप प्रत्यारोप चला। फिर मामला विभागीय होने की वजह से रफा दफा कर दिया गया। बाद में इसकी सूचना आईजी को मिली तो वह रात साढ़े नौ बजे कसया थाने पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। आईजी ने बताया कि स्वाट टीम का आरोप है कि एसओ कसया की निजी गाड़ी के साथ उनके एक रिश्तेदार की गाड़ी में भी अवैध शराब मिली। इसके साथ पकड़े गए ट्रक में भी शराब बरामद हुई। जबकि एसओ कसया सुनील राय का आरोप था कि उन्होंने सूचना मिलने पर बस स्टैंड परिसर में खड़े ट्रक से अवैध शराब बरामद की। शराब को अपनी निजी गाड़ी में लदवा कर थाने भेजवा रहे थे तभी सीओ तमकुही के साथ स्वाट टीम पहुंच गई। वैसे प्रथम दृष्टया तहकीकात और पूछताछ में यह तथ्य पता चला कि एसओ की निजी गाड़ी के साथ उसके रिश्तेदार की गाड़ी के अलावा बरामद ट्रक से भी अवैध शराब मिली है।