पहलवानी में पॉवर गेम से मिली जीत
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर की दो दिवसीय (4-5 अगस्त) कुश्ती प्रतियोगिता में रविवार को पहलवानों का पॉवर गेम देखने मिला। पहलवानों ने धोबी पछाड़, काला जंग, ढाक का दांव नहीं आजमा कर एक हरी (पैर पकड़कर आगे खींचने) तकनीक से खूब प्वाइंट बटोरे। इस तकनीक से हर बार दो प्वाइंट बटोरे गए। फिटले (पैर की एड़ी के पास पकड़कर कंट्रोल करना) दांव भी आजमाकर जीत दर्ज की। इसके एक दांव पर तीन प्वाइंट मिलते हैं।
गोरखनाथ मंदिर प्रबंधन और जिला कुश्ती संघ की तरफ से आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. यूपी सिंह, मंदिर के मुख्य पुजारी महंत कमलनाथ, नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, संघ के जिलाध्यक्ष अरुणेश शाही और द्वारिका तिवारी ने किया। इसके बाद दमखम दिखाने पहलवान अखाड़े में उतरे। उद्घाटन मुकाबला 57 किलोग्राम भारवर्ग से नीचे के पहलवानों के बीच हुआ। पहला मुकाबला गोरखपुर के सुरेंद्र यादव और संतकबीरनगर के सुमित यादव के बीच हुआ। तीन-तीन मिनट के दो अलग-अलग मुकाबले में सुरेंद्र ने छह प्वाइंट हासिल करके जीत दर्ज की। इसी भारवर्ग में बंधुवारी के अभिषेक ने नौ प्वाइंट हासिल करके ब्रह्मानंद को हराया। रोहित और नीरज के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। रोहित ने एक हरी दांव मारकर प्वाइंट बटोरे और 3-2 के अंतर से जीत दर्ज करके अगले राउंड में जगह बना ली। 57-70 किलोग्राम के मुकाबले भी जोरदार रहे। रेसलिंग स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर के आयुष ने एकतरफा जीत दर्ज की। आयुष ने 11 प्वाइंट हासिल करके विजय को मात दी। इसी भारवर्ग में कृष्णानगर के सत्यवीर ने खजनी के आकाश को पटखनी दी। सत्वीर को पांच तो आकाश को तीन प्वाइंट मिले हैं। वहीं, एक मुकाबले में ग्रामीण परिवेश के यशवीर चौथे राउंड में हार गए। वह रोजाना दो लीटर दूध लेते हैं। 100 बादाम खाते हैं।
तीन वर्गों के पहलवान जीतेंगे बाजी, मिलेगा पुरस्कार
कुश्ती प्रतियोगिता के विजेताओं को तीन खिताब दिए जाएंगे। गोरखपुर केसरी बनने के लिए 24 पहलवान दमखम दिखाएंगे। इन सबके मुकाबले सोमवार को होंगे। इस वर्ग के विजेता को 21,000 और उप विजेता को 11,000 रुपये नकद के साथ गदा भेंट किया जाएगा। गोरखपुर कुमार खिताब के लिए 47 पहलवान आपस में भिड़ेंगे। इस वर्ग के विजेता को 11,000 और उपविजेता को 5,100 रुपये नकद के साथ गदा दिया जाएगा। वीर अभिमन्यु खिताब के लिए 42 पहलवान दम दिखाएंगे। इस वर्ग के विजेता को 5,100 और उपविजेता को 2,500 रुपये नकद के साथ ही गदा भेंट होगा।
कुश्ती कराने की परंपरा पुरानी: प्रो. यूपी सिंह
कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन करने आए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह ने कहा की गोरखनाथ मंदिर में नागपंचमी पर्व पर कुश्ती कराने की परंपरा रही है। इसमें पूर्वांचल के ग्रामीण क्षेत्रों की गांव की माटी से जुड़े पहलवान भाग लेते हैं और नई तकनीकी की धारा से जुड़े रहते हैं। हर साल गोरक्षपीठाधीश्वर की मौजूदगी में यह कुश्ती होती रही है लेकिन इस वर्ष उनकी उपस्थिति नहीं होने के कारण उनका आशीर्वाद ही प्रेरणा का काम कर रहा है। इस मौके पर कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास, नगर विधायक डॉ आरएमडी अग्रवाल, द्वारिका तिवारी, अरुणेश शाही, दिनेश सिंह, मोतीलाल सिंह, मायाशंकर सिंह, मेजर पाटेश्वरी सिंह, माधवेंद्र राज, रविकर सिंह, आदित्य प्रताप सिंह, अन्तर्राष्ट्रीय पहलवान पन्नेलाल यादव, अभिषेक सिंह, उत्तर प्रदेश केशरी यश भारती से सम्मानित जनार्दन सिंह यादव, योगेश प्रताप सिंह, अरुण कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।
चंद्रमौलि पांडेय को दी श्रद्धांजलि
प्रतियोगिता की शुरुआत में ही क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी रहे चंद्रमौलि पांडेय को याद किया गया। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। चंद्रमाैिल पांडेय की वाराणसी में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह लंबे समय से गोरखपुर में तैनात रहे थे। चंद्रमौलि कुश्ती के प्रति कर्तव्य और निष्ठा के लिए याद किए जाते हैं।
दिन में चार लीटर दूध पीते हैं अमरनाथ
पूर्वोत्तर रेलवे के अमरनाथ यादव दो बार गोरखपुर केसरी का खिताब जीत चुके हैं। सोमवार को भी वह अखाड़े में उतरेंगे। 82 किलोग्राम भार वर्ग के अमरनाथ अपनी सेहत का खास ख्याल रखते हैं। रोजाना चार लीटर दूध पीते हैं। 200 ग्राम बादाम भी लेते हैं। रोजाना सुबह उठने के साथ अमरनाथ केला खाते हैं, फिर जूस पीकर एक्सरसाइज करते हैं। नाश्ते में दलिया लेते हैं। दिन में सामान्य खाना खाते हैं लेकिन रात में पनीर की सब्जी और रोटी खाते हैं। अमरनाथ ने नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता है। कॉमन वेल्थ गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नई दिल्ली में रहकर तैयारी करने वाले विजयेंद्र पाल सिंह भी दम दिखाएंगे। वह 70 किलोग्राम वर्ग के पहलवान हैं। गोरखपुर केसरी का खिताब हासिल करने का जोर लगाएंगे।
आज होगा फाइनल
कुश्ती प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। कुश्ती प्रतियोगिता के संयोजक व उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे से तीन वर्गों के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। शाम 5.30 बजे तक विजेताओं के नाम का एलान किया जाएगा। गोरखपुर केसरी का खिताब हासिल करने के लिए 24 पहलवान जोर लगाएंगे। 70 से 82 किलोग्राम भारवर्ग का यह मुकाबला जबरदस्त होता है।