पीएम-सीएम की नजर में किसान हित सर्वोपरि: सूर्य प्रताप शाही
गोरखपुर। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की नजर में किसान हित सर्वोपरि है। सरकार की मंशा है कि हर सरकारी योजना किसानों तक पहुंचे तथा हर लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। रबी की फसलों का इस साल रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है।
अगले साल इससे भी अधिक उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि उत्पादन के साथ ही किसान गुणवत्ता को भी बढ़ाने का प्रयास करें। रसायन की जगह वर्मी और जैविक खाद का प्रयोग करें।
एनेक्सी भवन में आयोजित रबी उत्पादक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने ये बातें कहीं। उन्होंने किसानों से कहा कि पराली न जलाएं। एनजीटी के लोग दिल्ली में बैठकर सेटेलाइट से यह देख रहे हैं कि कहां पराली जलाई जा रही है।
सुप्रीमकोर्ट ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। सरकार से एनजीटी वाले पूछते हैं कि क्यों नहीं कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ने कहा कि 11 लाख क्विंटल गेहूं का बीज किसानों को सरकार 50 प्रतिशत अनुदान पर दे रही है। वहीं सरकार की तरफ से 50 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी ने कहा कि गांवों का करना होगा। गांव का विकास बगैर किसान के विकास के संभव नहीं है। रबी गोष्ठी केवल फसल उत्पादन से संबंधित नहीं बल्कि खेती से जुड़े हर बिंदु से है। कृषि का विकास ग्रामीण विकास के साथ जुड़ा हुआ है। उन्होंने किसानों के समस्याओं के गुणात्मक समाधान के निर्देश अधिकारिओं को दिए।
कहा कि किसान की भूमिका मात्र उत्पादन करना नहीं बल्कि उसे उद्यमी भी होना है, जिससे उनकी आमदनी बढ़े और उनका उत्थान भी हो सके। कहा कि कृषि फसलों के लक्ष्य के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान आदि के लक्ष्य निर्धारित हों। जब सभी का लक्ष्य निर्धारित होगा तभी विकास की गति तेज होगी। उन्होंने खेतों की मेड़बंदी तथा समतलीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नमी के नाम पर किसान का धान क्रय केंद्र से वापस नहीं जाना चाहिए। प्रमुख सचिव कृषि किसान सम्मान योजना का लक्ष्य शतप्रतिशत पूरा करने को कहा।
सभी किसानों का आधार से 15 नवंबर तक लिंक कर दिया जाए। प्रमुख सचिव सिंचाई टी वेंकटेश ने कहा कि नहरों की सिल्ट सफाई का जिलाधिकारी सत्यापन करें। निर्धारित समय के अंतर्गत सफाई होनी चाहिए। प्रमुख सचिव उद्यान राकेश गर्ग ने औद्यानिकरण पर बल दिया। कहा कि प्रत्येक न्यायपंचायत में तीन दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया जाए। इस अवसर पर कमिशनर जयंत नार्लिकर ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।