महराजगंज के नौतनवां कस्बे से सटे 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल हरदीडाली बीओपी कैंप में शनिवार की रात ड्यूटी पर तैनात एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से कैंप परिसर में ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसएसबी के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव तथा सोनौली पुलिस भी पहुंच गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के हरदी डाली गांव के पास 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बीओपी में तैनात आरक्षी बशर अहमद शनिवार की रात लगभग ग्यारह बजे बीओपी गेट पर ड्यूटी पर थे।
अहमद जम्मू कश्मीर के पूंछ सेक्टर के रहने वाले थे। बताया गया कि संदिग्ध परिस्थितियों में राइफल से गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोली जवान के सीने में लगी है। अधिकारियों का दावा है कि जवान ने राइफल से स्वयं सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
एसएसबी के आला अधिकारी इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से इंकार कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव ने बताया कि एसएसबी जवान ने राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सहायक कमांडेंट बरजीत सिंह ने बताया कि कैम्प परिसर में ही जवान ने गोली मारकर आत्महत्या की है।